लंढौरा में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के पूर्वजों की ओर से बनाए गए समाधि स्थल पर अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। समाधि के नीचे कई फीट गहरा गड्ढा भी खोदा गया। समर्थकों की ओर से मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
लंढौरा में एक धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ की घटना से एक बार फिर से धार्मिक उन्माद भड़कने की आशंका पैदा हो गई है।
शुक्रवार को पूर्व विधायक समर्थक सुनील वालिया ने कई अन्य लोगों के साथ पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि चैंपियन के पूर्वजों की ओर से बाबा बहमल की समाधि बनाई गई है। जो मंदिर के रूप में है व लंढौरा सीमा के अंदर है। किन्हीं असामाजिक तत्वों ने समाधि को तोड़ दिया है तथा समाधि के नीचे करीब 12 फीट का गड्ढा भी खोद दिया है।
तहरीर में इसे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है। तहरीर में दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।