खानपुर के कांग्रेस विधायक और उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष कुंवर प्रणव चैंपियन ने केंद्रीय मंत्री हरीश रावत पर सोमवार को जमकर हमला बोला।
कहा कि रावत हरिद्वार के बालावाली में जिस रेलवे पुल की स्वीकृति का श्रेय ले रहे हैं, वह उनकी 11 साल की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने रावत पर जनता से ताल्लुक न रखने और झूठ बोलने का आरोप भी लगाया।
हरीश रावत पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप
सोमवार को अरण्य विकास भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में चैंपियन ने कहा कि बालावाली रेलवे पुल को स्वीकृत कराने के लिए वह तब से संघर्ष कर रहे हैं, जब रेल मंत्री नीतीश कुमार थे। कई कागजात बतौर साक्ष्य पेश भी किए।
चैंपियन ने स्थानीय सांसद हरीश रावत पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि जनता बाढ़ से परेशान है, सीएम विजय बहुगुणा प्रशासन को मलबा हटाने का निर्देश दे चुके हैं, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही।
अफसरशाही पूरी तरह बेलगाम
अधिकारियों पर भी सवाल उठाते हुए चैंपियन ने कहा कि प्रदेश की अफसरशाही पूरी तरह बेलगाम हो गई है। बताया कि इस संबंध में वह मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
इस दौरान एक सवाल के जवाब में चैंपियन ने कहा कि हरक सिंह रावत के आवास पर हुए गोलीकांड से उनका सरोकार नहीं है। यह अध्याय अब बंद हो चुका है। इस प्रकरण में उन्हें कुछ भी नहीं बोलना।