प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून आने से ठीक पहले मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक ही दिन में 5441 करोड़ रुपये की 59 योजनाओं का शिलान्यास किया।
इनमें कई ऐसी योजनाएं भी शामिल हैं जो केंद्र वित्त पोषित हैं और जिनके निर्माण पर संशय बना हुआ था। इनमें जोगीवाला फ्लाई ओवर और मोहकमपुर ओवर ब्रिज भी शामिल है। सीएम ने कहा कि इन योजनाओं के निर्माण में पैसे की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने तीन महीने में टनल और फ्लाई ओवर पर काम शुरू करने का एलान किया है।
सोमवार को मुख्यमंत्री ने बीजापुर हाउस में लोनिवि की 570 करोड़ रुपये की योजनाओं की नींव रखी। इन योजनाओं में देहरादून के मोहकमपुर रेलवे क्रासिंग पर 81.73 करोड़ रुपये लागत के रेलवे ओवर ब्रिज, 69.50 करोड़ रुपये से अजबपुर रेलवे क्रासिंग पर आरओबी, 71.93 करोड़ रुपये से डाट देवी के निकट टू लेन रोड टनल, 45.77 करोड़ रुपये के भंडारी बाग के समीप रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण, 61.66 करोड़ रुपये लागत के जोगीवाला पर फ्लाई ओवर का निर्माण प्रस्तावित है।
इनके अलावा एमडीडीए के तहत 650 करोड़ रुपये की लागत से देहरादून के जौलीग्रांट, रायपुर, सहस्त्रधारा फोर लेन, एलीवेटेड 28 किमी मार्ग का भी शिलान्यास हुआ। उन्होंने करीब 1700 करोड़ रुपये की लोनिवि और एमडीडीए के विभिन्न कार्यों के सर्वेक्षण एवं डीपीआर कार्य का भी शुभारंभ किया।
जिसमें देहरादून नगर में 112 किमी फोर लेन रिंग रोड निर्माण, 440 करोड़ रुपये की लागत से हरिद्वार नगर में 42 किमी फोर लेन रिंग रोड शामिल है। उन्होंने 500 करोड़ रुपये की लागत से हल्द्वानी नगर में फोर लेन रिंग रोड, 400 करोड़ रुपये लागत की रुद्रपुर नगर में फोर लेन रिंग रोड, 80 करोड़ रुपये की लागत से कोटद्वार नगर में 10 किमी फोर लेन रिंग रोड, 2.88 करोड़ की लागत से पिथौरागढ़ में 12 किमी की रिंग रोड योजना का शिलान्यास किया।
पहाड़ को 36 मोटरमार्गों का शिलान्यास
देहरादून। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी और उत्तरकाशी जनपदों में पीएमजीएसवाई की 376 किमी. के 36 मोटर मार्गों का शिलान्यास किया। इन पर कुल 207.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने हरिद्वार में 32.47 करोड़ रुपये की लागत से रामपुर चुंगी से नागल होते हुए पिरान कलियर तक बाईपास, सात किमी मार्ग 300 मीटर सेतु की निर्माण योजनाओं की भी नींव रखी। इन योजनाओं में 95 करोड़ रुपये लागत से रामनगर, हाथीडांगर, मालधन चैड़, कुंडा नगर में 30 किमी फोर लेन बाईपास मार्ग निर्माण, 220 करोड़ रुपये की लागत की अल्मोड़ा नगर में 1.1 किमी रोड टनल का निर्माण भी शामिल है।
गैरसैंण की कई सड़कों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में कनेक्टिविटी के लिए सभी घोषित सड़कों का भी शिलान्यास कर दिया है। इनमें 160 करोड़ रुपये लागत की गैरसैंण-महलचोरी-खेड़ा- भिकियासैंण-चौखुटिया-मरचुलाखाल- अदालीखाल मार्ग सिंगल लेन से डबल लेन परिवर्तन, 320 करोड़ रुपये लागत से 90 किमी बाड़ेछीना-सेराघाट-राईसागर-उड़ियारबैण्ड-बैरीनाग-थल का निर्माण, पांच करोड़ लागत से सामा- सौंग- ग्वादम- लोल्टी- कस्वीनगर- देवपुरी के मध्य पांच मिसिंग लिंक रोड निर्माण, 60 करोड़ रुपये लागत से पौड़ी की निर्माण योजनाएं भी शामिल हैं।
इसके अलावा 60 करोड़ रुपये की लागत के पौड़ी एवं चमोली में पाबौ से गैरसैंण, पूर्वी नयार के साथ का निर्माण, दो करोड़ रुपये लागत के बूंगीधार, महलचैरी, बछुवाबाण का कस्वीनगर तक दो किमी विस्तारीकरण का कार्य, तीन करोड़ रुपये की लागत से विनायकधार मोटर मार्ग का कस्वीनगर, थरीली तक तीन किमी विस्तारीकरण का कार्य भी शामिल है।
दारमा से मलारी तकबनेगी सुरंग
पिथौरागढ़ के ज्योंलिंगों और चमोली केमलारी को जोड़ने के लिए 180 करोड़ रुपये लागत से एक किमी टनल का निर्माण होगा। इसमें 100 किमी बार्डर रोड का निर्माण योजना भी शामिल है।