कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के एक परिवार से एक टिकट देने के बयान पर उत्तराखंड सीएम ने पलटवार किया है।
देहरादून में एक कार्यक्रम में सीएम से अध्यक्ष के बयान पर पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एक परिवार से एक टिकट की बात अध्यक्ष कर रहे हैं तो एक परिवार से एक कार्यकर्ता ही होगा। एक लाइन में सीएम ने किशोर को जवाब दे दिया कि जो नेता अपने परिवार के लोगों के लिए टिकट मांग रहे हैं, वे गलत नहीं है। जब परिवार से कई कार्यकर्ता हो सकते हैं तो उनकी योग्यता अनुसार टिकट की दावेदारी भी बनती है।
मंगलवार को कांग्रेस भवन में किशोर उपाध्याय ने एक परिवार में कई-कई लोगों को टिकट दिये जाने से जुड़े प्रश्न पर बेबाकी के साथ कहा कि एक परिवार से एक ही टिकट होना चाहिए। संगठन की राय जो भी हो, लेकिन उनकी राय यह है कि एक परिवार से एक व्यक्ति को ही टिकट मिलना चाहिए।
इस बहाने उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा पर अपने बेटे साकेत के लिए टिकट की पैरवी की बात कह निशाना साधा। बहुगुणा ने किशोर के बयान का पलटवार नहीं किया लेकिन सीएम हरीश रावत जरूर एक कार्यक्रम में परिवार से एक से अधिक टिकट की पैरवी करते दिखे। उन्होंने किशोर के बयान पर सवाल खड़ा किया।
दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री हरीश रावत की सुपुत्री अनुपमा रावत ने टिकट की दावेदारी की है। वरिष्ठ मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश और यशपाल आर्य भी अपनी संतानों के राजनीतिक पुनर्वास को लेकर प्रयासरत हैं। चर्चा तो कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी को लेकर भी कि वह अपनी पत्नी को केदारनाथ से टिकट दिलाने की जुगत में हैं।
राहुल मंच से तो संगठन भीड़ से देगी शाह को जवाब
कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी 23 दिसंबर को उसी मैदान से गरजेंगे, जहां से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा आयोजित हुई थी। राहुल की रैली में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। कांग्रेस के नेता शाह की जनसभा का जवाब मंच से राहुल के संबोधन के साथ भीड़ जुटाकर देंगे। रैली के संयोजक और अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने रैली में 20 हजार से अधिक लोगों की भीड़ पहुंचने का दावा किया है।
अल्मोड़ा के लोअर माल रोड में स्थित सिमकनी के मैदान में पिछले माह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली हुई थी। राहुल की सुरक्षा के लिए एसपीजी की टीम ने यहां डेरा डाल दिया है और एसपीजी की निगरानी में ही मंच आदि का निर्माण हो रहा है। जानकारी के मुताबिक राहुल का हेलीकॉप्टर यहां आर्मी मैदान में उतरेगा और वहां इक्का-दुक्का खास नेताओं को ही जाने की अनुमति मिलेगी।
इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, रैली के संयोजक विधायक मनोज तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी आदि ने भी सभा स्थल पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की 23 दिसंबर को होने जा रही रैली में भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस के नेतागण जुटे हुए हैं।
रैली के संयोजक और रैली में अल्मोड़ा जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के साथ ही बागेश्वर और आसपास के अन्य जिलों से भी कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि अन्य जिलों से वाहन कम संख्या में आएंगे, लेकिन ज्यादातर भीड़ अल्मोड़ा जिले से ही आएगी।