भाजपा द्वारा उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करने के बाद कांग्रेस ने निशाना साधा है। उत्तराखंड मुख्यमंत्री हरीश रावत का कहना है कि जिन पर भाजपा घोटालों का आरोप लगाती थी वह अब उसी पार्टी का हिस्सा है।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा फायदे के लिए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को भी टिकट दे सकती है। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के पाला बदलने के बाद मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल के दौरान भाजपा ने जिनके पुतले जलाए, विधानसभा ठप रखी, सड़कों पर धरना-प्रदर्शन किया, उन्हें आज उसने अपना चुनावी चेहरा बना दिया है।
उन्होंने परिवारवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। रावत ने कहा कि जो पार्टी दावा करती थी कि अतीत जाने बगैर किसी को पार्टी में शामिल नहीं करते हैं, उसी पार्टी में चार घंटे पहले शामिल हुए पिता-पुत्र को टिकट से नवाजा गया।
मुख्यमंत्री मंगलवार को कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा का पूरा फोकस एक राज्य और एक व्यक्ति पर केंद्रित हो गया है। अब ये चुनाव उत्तराखंडियत और खंड-खंड करने वाली भाजपा के बीच है। उन्होंने परिवारवाद को लेकर भाजपा और पीएम पर सवाल उठाया। कहा कि 10 दिन पहले पीएम हिदायत दे रहे थे कि परिवारवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अब वही पार्टी परिवारमय हो गई है।
तीन साल में जिन्हें लेकर भाजपा ने नारे लगाने से लेकर विधानसभा ठप करने व पुतला दहन तक का काम किया, वही उसके नेता और चुनावी चेहरा हैं। भाजपा नारा लगाती थी,‘जब से आए बहुगुणा, भ्रष्टाचार सौ गुना’ अब वही बहुगुणा उसके लिए सबसे गुणी रणनीतिकार और संचालक हैं।
हरक सिंह का नाम लिए बगैर सीएम ने कहा कि जिन्हें भाजपा ने भूमि व बीज घोटाले का सूत्रधार कहा था, उन्हें भी उम्मीदवार बनाया है। जिस मंत्री का पॉलीहाउस घोटाले से शब्द श्रृंगार किया उनके पति को भी टिकट दिया गया है। जिन लोगों पर दाबका व कोसी में खनन को लेकर यूएस नगर की भाजपा आरोप लगाती रही और नोटबंदी के बाद सहकारी बैंकों की शाखाओं में बड़ी संख्या में नोट जमा होने की बात कहती रही उन्हें भी पार्टी ने उम्मीदवार बना दिया।
सीएम ने कहा कि कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, वरना यूं चमत्कार नहीं होते। सीएम ने कहा कि उन्हें संतोष है कि उन्होंने विभागों में 1000 नई पहलें कीं। अब वह जनता से अपील करेंगे कि उन्हें पूर्ण परीक्षा का अवसर दें, ताकि मजबूत और स्थिर सरकार दे सकें।