भेल क्षेत्र में अचानक जंगल से निकले बारहसिंगा से एक ऑटो रिक्शा टकरा गया। टक्कर लगने से ऑटो रिक्शा पलट गया और दबने से एक युवक की मौत और चालक घायल हो गया। इसके बाद बारहसिंगा ने भेलकर्मी पर सिंग से हमला करके घायल कर दिया।
दुर्घटना बुधवार देर रात भेल सेक्टर एक में साप्ताहिक पैठ बाजार के पास हुई। जानकारी के अनुसार एक ऑटो रिक्शा से जंगल से निकले बारहसिंगा टकरा गया। बारहसिंगा के टकराने से ऑटो रिक्शा पलटने से नीचे दबकर मन्नू (28) पुत्र ललित अग्रवाल निवासी टिबड़ी की मौत हो गई। ऑटो रिक्शा चालक सौरभ मामूली रूप से घायल हो गया।
इसी बीच वहां से गुजर रहे भेलकर्मी चंद्रप्रकाश निवासी भेल सेक्टर पांच पर भी बारहसिंगा ने हमला कर घायल कर दिया। उनकी छाती पर पांच टांके आए हैं। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक ऑटो रिक्शा चालक का दोस्त था। वह सवारियों को छोड़कर लौट रहे थे। शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया है।