रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवालिक नगर में हुई बुजुर्ग दंपति की हत्या के खुलासे के लिए 10 टीमें गठित कर दी गई हैं। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस और एसपी क्राइम आयुष अग्रवाल पूरे मामले की खुद निगरानी करेंगे।
कोतवाली क्षेत्र के शिवालिक नगर स्थित जे-कलस्टर में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों की धरपकड़ के लिए 10 टीमें गठित कर दी गई हैं। सभी टीमें आला अधिकारियों के निर्देशों के बाद हरिद्वार, देहरादून के साथ वेस्ट यूपी के बदमाशों की कुंडली खंगालने में लगी हैं। एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने बताया कि बुजुर्ग दंपती केेेे साथ लूट के बाद हत्या के मामले में बेटे शरद अग्रवाल की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आईजी गढ़वाल पहुंचे बुजुर्ग दंपती के घर
बुधवार की शाम आईजी गढ़वाल अभिनव कुमार भी दोहरे हत्याकांड को लेकर बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचे। इस दौरान एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस सहित पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। आईजी गढ़वाल ने परिजनों से बातचीत के साथ ही पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने के लिए निर्देशित किया।
पुलिस ने बुजुर्ग दंपती पीएस अग्रवाल और उनकी पत्नी गायत्री उर्फ बीना अग्रवाल के दोनों फोन भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस दोनों फोन की कॉल डिटेल निकालकर यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना के वक्त किस-किस के फोन उनके पास आए। पुलिस घटना के खुलासे को लेकर बुजुर्ग दंपती के परिचितों तक भी पहुंचने का प्रयास कर रही है।
देर रात बुजुर्ग दंपती के बेटे और बेटी पहुंचे हरिद्वार
बुधवार रात करीब एक बजे बुजुर्ग दंपती के बेटे शरद अग्रवाल और बेटी रेनू दिल्ली से हरिद्वार पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद बुजुर्ग दंपती के शव को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार की दोपहर बुजुर्ग दंपती के बेटे और बेटी सहित अन्य परिजन जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद रहे।