एसपी सिटी ने बताया कि घटना के बाद जीआरपी एसओ अनुज सिंह ने वंदे भारत एक्सप्रेस के लोको पायलट बृजमोहन मीणा से बातचीत की। लोको पायलट ने जानकारी दी कि ट्रेन पहुंचने से पहले एक पुरुष व महिला रेल लाइन किनारे खड़े थे। ट्रेन नजदीक पहुंचते ही पहले पुरुष ट्रेन के आगे लेटा और फिर महिला भी आकर लेट गई। 90 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड होने के कारण ट्रेन को रोका जाना मुश्किल था। दोनों ट्रेन से कट गए। ज्वालापुर कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों की उम्र करीब 50 वर्ष है। दोनों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद ही पूरे मामले की कहानी सामने आ सकेगी।
दोनों को लोगों ने ट्रैक की तरफ जाते देखा
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी लेने की कोशिश की। कुछ लोगों ने केवल दोनों को रेलवे लाइन की तरफ जाते हुए देखा था। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उनका पता लगाकर आगे की कड़ी जोड़ते हुए पहचान कराने के लिए पुलिस जुटेगी।