महंत नरेंद्र गिरि के मामले में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। महंत नरेंद्र गिरि ने अखिलेश यादव का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया और प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इसकी खबर तक नहीं लगी। सोशल मीडिया पर महंत नरेंद्र गिरी और अखिलेश यादव की फोटो वायरल होने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन प्रशासन ने अखिलेश यादव को महंत नरेंद्र गिरि के संक्रमित होने की सूचना दी।
अधिकारियों पर मंडरा रहा संक्रमण का खतरा
महंत नरेंद्र गिरि से मिलने वाले अधिकारियों पर भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। मेलाधिकारी दीपक रावत और एसएसपी मेला जन्मेजय खंडूड़ी महंत नरेंद्र का कुक्षलक्षेम पूछने अस्पताल गए थे। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मास्क भी उतार रखा था।
अब निरंजन पीठाधीश्वर की रिपोर्ट में टिकी निगाहे
निरंजन पीठाधीश्वर कैलाशानंद गिरि, आनंद पीठाधीश्वर बालकानंद गिरि और पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव रविंद्र पुरी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि से मिले थे। 12 अप्रैल को निरंजनी अखाड़ा सबसे पहले शाही स्नान करेगा। शाही स्नान के दौरान सबसे पहले निरंजन पीठाधीश्वर और महामण्डलेश्वर स्नान करते हैं। ऐसे में अब अखाड़े के संतों और श्रद्धालुओं की निगाहे कैलाशानंद की रिपोर्ट पर टिकी है। रविवार को कैलाशानंद गिरि नेपाल के अंतिम राजा ज्ञानेंद्र वीर विक्रम से भी मिले थे। राजा ज्ञानेंद्र वीर विक्रम ने भी संतों के साथ स्नान करना है।
मास्क और शारीरिक दूरी की अनदेखी पड़ी भारी
बता दें कि महंत नरेंद्र गिरि कई आयोजनों के दौरान बिना मास्क के देखे गए। आयोजनों में शारीरिक दूरी की भी जमकर धज्जियां उड़ी। बस यही लापरवाही अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष को भारी पड़ गई।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भेंट हुई थी। जब वे भेंट कर लौट गए तब मुझे कोविड जांच रिपोर्ट मिली। इस दौरान मैंने मास्क पहना हुआ था।
- श्रीमहंत नरेंद्र गिरि, अध्यक्ष अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद
श्रीमहंत नरेंद्र गिरि की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वे आइसोलेट हो गए थे। इस बात की जांच की जा रही है कि वे रिपोर्ट आने से पहले या आने के बाद सपा सुप्रीमो से मिले थे। सपा अध्यक्ष और स्थानीय प्रशासन को उनके संक्रमित के संपर्क में आने की सूचना भेज दी गई है।
-डा. एसके झा, सीएमओ, हरिद्वार
महंत नरेंद्र गिरि को आश्रम पहुंचने के बाद कोविड रिपोर्ट मिली। इससे पहले वे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर चुके थे। सीएमओ ने मंहत से मिलकर कोविड गाइडलाइन की जानकारी देते हुए नियमों के पालन अपील की है। संपर्क में आए लोगों को आइसोलेेट होने के लिए कहा गया है।
-सी. रविशंकर, जिलाधिकारी, हरिद्वार