हरिद्वार में तिबड़ी फाटक पर बन रहे अंडर पास की वजह से ज्वालापुर फाटक के बीचों-बीच अचानक जन शताब्दी एक्सप्रेस रुक गई। ऐसे में रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को बीच में ही उतार दिया। ऐसे में ऋषिकेश, देहरादून और पहाड़ी क्षेत्र के यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानी उठानी पड़ी।
हरिद्वार के तिबड़ी फाटक गेट नंबर 17 सी पर रेलवे का अंडर पास बनाने का काम चल रहा है। बृहस्पतिवार को शाम छह बजे वहां से दिल्ली से देहरादून जाने वाली जन शताब्दी एक्सप्रेस गुजर रही थी।
मगर काम के चलते ट्रक ज्वालापुर रेलवे फाटक पर बीचों-बीच आकर रुक गई। ट्रेन रुकने की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने यात्रियों को बीच में ही उतारना शुरू कर दिया।
इससे यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। ट्रेन में देहरादून, ऋषिकेश सहित पहाड़ी क्षेत्र के यात्री भी सवार थे। ऐसे में उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतें उठानी पड़ी। इसी बीच जीआरपी एसओ अनुज सिंह मौके पर पहुंचे। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने तीन सरकारी बसें मंगवाकर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया।