रुड़की में दूल्हे की कार से फूल तोड़ने के विवाद में पुलिस ने 22 युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अन्य हमलावरों की तलाश कर रही है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित इस्लामनगर में दूल्हे की कार से फूल तोड़ने के विवाद में सोमवार रात एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूल्हे के घर पर हमला बोल दिया था। आरोप था कि युवक और उसके साथियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया था। इतना ही नहीं घर पर पथराव भी किया था, जिससे फरमान, यामीन, जैद, आसमां और आलम गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में दूल्हे पक्ष की ओर से परिवार के दो लोगों को बंधक बनाकर मारपीट और पिस्टल तानने का आरोप लगाया गया था। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर उस्मान उर्फ आरजे, अली, सलमान उर्फ शेट्टी, शाहरुख, गय्यूर, फरमान, अनस, शौकीन, मोबिन, खुश नूर उर्फ खुशी, अरशद, शाहीन और वसीम निवासी रामपुर समेत 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालकर अन्य हमलावरों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
आरजे के नाम से बना रखा है गैंग
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी उस्मान ने रामपुर गांव के युवकों के साथ मिलकर आरजे नाम से एक गैंग बना रखा है। युवकों का यह गैंग सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहता है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरजे गैंग में कितने युवक जुड़े हैं और ये कहां के रहने वाले हैं। साथ ही गैंग में शामिल किसी युवक का कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं है।