पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कुंभ में अखाड़ों के स्नान के दौरान पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए हैं। साथ ही पार्किंग आदि की भी व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि कुंभ में ड्यूटी के लिए जल्द से जल्द सेक्टर और जोन ऑफिसर की नियुक्ति की जाए। मेला शुरू होते ही सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का पैदल भ्रमण करें और समस्त जानकारी एकत्रित कर अधीनस्थों को ब्रीफ करें। कहा कि आठ अप्रैल को सभी की ब्रीफिंग की जाएगी। इसमें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने क्षेत्र की पूरी जानकारी होनी चाहिए। कहा कि यातायात को सुचारु बनाने के लिए बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था पूर्व में कर ली जाए।
कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए भी पहले से ही कार्ययोजना तैयार कर लें, जिससे भगदड़ मचने पर इसे आसानी से संभाला जा सके। कहा कि अखाड़ों के स्नान के दौरान यात्रा मार्ग, समय आदि व्यवस्थाओं के संबंध में पूर्व में ही अखाड़ों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही पैदल यात्रियों के घाटों तक पहुंचने के लिए मार्ग पहले ही बनाए जाएं। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक वी मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला संजय गुंज्याल, पुलिस उपमहानिरीक्षक आनंद भरणे, सुनील मीना आदि मौजूद रहे।
कुंभ मेले के दौरान यदि किसी ने भी महिला घाटों पर फोटो खींचे या वीडियो बनाई तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पूरी तैयार कर ली गई है। घाटों पर मेला व हरिद्वार पुलिस के पोस्टर आदि भी चस्पा कर रही है।
महाकुंभ मेले को दिव्य व भव्य बनाने के साथ ही महिलाओं के लिए भी सुरक्षित बनाया जा रहा है। बता दें कि घाटो पर स्नान के दौरान महिलाएं व युवतियां खुद को असहज महसूस करती हैं। हर कोई मोबाइल से वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी करता हुआ नजर आता है। कुंभ मेले के दौरान स्नान करने के लिए आने वाली महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। अब महिला घाटों पर स्नान के दौरान कोई भी बाहरी व्यक्ति वीडियो या फोटोग्राफी नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही महिला घाटों पर कनात भी लगाई जाएंगी। वीडियो और फोटोग्राफी करने वालों पर घाटों पर लगे सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी।
कंट्रोल रूम में बैठे कर्मचारी तुरंत ही घाटों पर मौजूद पुलिसकर्मियों को इसके बारे में सूचित करेंगे। इसके साथ ही पुलिसकर्मी तुरंत ही मौके पर पहुंचकर उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करेंगे और उसके मोबाइल से खींचे गए फोटो को डिलीट भी करेंगे। इसके साथ ही घाटों पर मेला और हरिद्वार पुलिस की ओर से पोस्टर आदि भी चस्पा किए जाएंगे। जिस पर कार्रवाई की चेतावनी भी लिखी गई है। कुंभ मेला पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल ने बताया कि महिला घाटों पर महिलाओं के सुरक्षित स्नान को लेकर तैयारी की गई है। घाटों पर वीडियो व फोटोग्राफी प्रतिबंधित है।