हरिद्वार कुंभ मेले को लेकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के थानाध्यक्षों के बीच मंडावर पुलिस चेक पोस्ट पर संयुक्त बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया की हरिद्वार में कुंभ मेला शुरू होने से पूर्व एसएसपी के आदेश पर बुधवार शाम मंडावर पुलिस चेक पोस्ट पर सहारनपुर जिले के कई थानाध्यक्षों के साथ बैठक हुई।
इस दौरान निर्णय लिया गया कि कुंभ मेले के दौरान दोनों राज्यों की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। हर आने-जाने वाले वाहन की चेकिंग की जाएगी। साथ ही अधिकारी और पुलिस एक-दूसरे के संपर्क में रहेंगे।
अगर कोई घटना होती है तो एक-दूसरे को तत्काल सूचना देंगे। बैठक में फहतेपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ सुरेंद्र सिंह और एसओ बुग्गावाला सुखपाल सिंह मान आदि मौजूद रहे।
माघ पूर्णिमा स्नान और फाल्गुन की कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। इसके लिए मेला क्षेत्र को सात जोन और 20 सेक्टरों में बांटा गया है। कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन से प्रभावित पांच राज्यों के श्रद्धालुओं की अनिवार्य रूप से कोरोना की जांच की जाएगी।
इसके अलावा अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की कोरोना की रैंडम जांच की जाएगी। जिला प्रशासन ने मेला क्षेत्र में हरकी पैड़ी, लालजीवाला, नीलधारा, गौरीशंकर, भीमगोड़ा, भूपतवाला, पंतद्वीप, रायवाला, सप्तसरोवर, हरिद्वार, मंनसा देवी, मायापुर, कनखल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, सदर क्षेत्र और जीरआरपी क्षेत्र को मिलाकर सात जोन और 20 सेक्टर बनाए हैं। स्नान पर्व और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं और एसओपी अनुपालन की जिम्मेदारी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी गई है। एसओपी के अनुपालन की रिपोर्ट और फोटो जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट अधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करेंगे। इसके साथ राज्यसीमा और मेला क्षेत्र में रैंडम कोविड जांच की क्षमता बढ़ाई जा रही है।
महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य में कोरोना का नए स्ट्रेन के मामले लगातार बढ़ रहे। ऐसे में कोविड संक्रमण नियंत्रण के इन पांच राज्यों से आने श्रद्धालुओं की अनिवार्य रूप से कोविड जांच की जाएगी। खासकर राज्य सीमा, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर थर्मल स्क्रीनिंग और कोविड जांच की व्यवस्था की जाएगी। कोविड पॉजिटिव मिलने पर सार्वजनिक वाहनों से आए यात्री को आइसोलेट किया जाएगा। प्राइवेट वाहनों से आने वाले कोविड पॉजिटिव यात्री को वापस भेजा जाएगा।
कोरोना के नए स्ट्रेन से प्रभावित पांच राज्यों श्रद्धालुओं की अनिवार्य रूप से कोविड जांच की जाएगी। अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं के लिए रैंडम कोविड जांच
की व्यवस्था रहेगी।
- सी. रविशंकर, जिलाधिकारी