अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने कुंभ मेले के लिए शिविर लगाने के निर्देश जारी करने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार और संतों के समन्वय से कुंभ संपन्न होगा।
महंत नरेंद्र गिरि ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि कुंभ मेले के दौरान पूरे देश से लाखों संत महापुरुष हरिद्वार आते हैं। अखाड़ों के पास पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण संत महापुरुषों को शिविरों में निवास करना होता है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद शुरू से ही मांग करती रही है कि कुंभ मेले के दौरान शिविर लगाए जाएं।
उन्हाेंने कहा कि प्रदेश सरकार के आदेश नहीं होने के कारण मेला प्रशासन अब तक भूमि आवंटन का कार्य नहीं कर पा रहा था। इसलिए अब तक मेला क्षेत्र में अखाड़ों के टेंट नहीं लग पाए थे। नरेंद्र गिरि ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मेला प्रशासन को शिविर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला अधिकारियों का कर्तव्य है कि वह सभी अखाड़ों के संत महापुरुषों की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखें और संतों को किसी भी प्रकार की दिक्कत ना आने दें। इसके लिए मेला अधिकारी दीपक रावत, अपर मेला अधिकारी हरबीर सिंह और अन्य सभी अधिकारी नियमित रूप से अखाड़ों से संपर्क करें।
हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के लिए केंद्र सरकार की ओर से एसओपी जारी की जाएगी। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र को कुंभ मेले के आयोजन से अवगत कराया गया है। सरकार को एसओपी जारी होने का इंतजार है।
शुक्रवार को कैबिनेट में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने कहा कि कुंभ मेला को लेकर मंत्रिमंडल ने महत्वपूर्व फैसले लिए हैं। कुंभ के कार्यों में तेजी लाने के लिए मेलाधिकारी को दो करोड़ और आयुक्त गढ़वाल को पांच करोड़ के तक के कार्य कराने का अधिकार दिया गया।
साथ ही मेलाधिकारी को कुंभ के स्वीकृत कार्यों को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की अनुमति दी गई। इसके अलावा कार्यों के टेंडर की अवधि सात दिन करने की अनुमति दी। साथ ही बड़े कार्यों को छोटे-छोटे भागों में कराने की स्वीकृति दी गई।
उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में सरकार की ओर से कुंभ आयोजन की एसओपी को लेकर केंद्र को लिखित तौर और अधिकारियों की ओर से दिल्ली जाकर अवगत कराया गया है। कुंभ अंतरराष्ट्रीय मेला है। इसकी एसओपी केंद्र की ओर से जारी की जाएगी। कौशिक ने कहा कि सरकार पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है।