10वां स्व. अनिल गोदियाल स्मृति सहायतार्थ क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हैप्पी वैली ए के नाम रहा। हैप्पी वैली ए ने हैप्पी वैली बी को 84 रनों से हराकर जीत दर्ज की। विजेता टीम को मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता और उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला ने ट्राॅफी और नकद पुरस्कार दिया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को पहला सेमीफाइनल मैच ओल्ड कैंट और हैप्पी वैली बी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओल्ड कैंट ने छह ओवर में 111 रन बनाए। हैप्पी वैली बी ने आसानी से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बना ली। दूसरा सेमीफाइनल मैच कैंपटी और हैप्पी वैली ए के बीच खेला गया। कैंपटी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए। हैप्पी वैली ए ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।फाइनल मैच में हैप्पी वैली ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 148 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में हैप्पी वैली बी 64 रन ही बना पाई। प्रतियोगिता के मैन ऑफ सीरीज रवि रावत, बेस्ट बैट्समैन राहुल रांगड़, बेस्ट बाॅलर नकुल, बेस्ट फिल्डर का पुरस्कार रवि को दिया गया। वहीं उभरते खिलाड़ी बलबीर, आदित्य, सौरव, महेंद्र, विपिन, गौरव गुनसोला को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजक समिति ने स्व. अनिल गोदियाल के परिवार को 51 हजार और खिलाड़ी विजेंद्र असवाल को 5100 की सहायता दी। साथ ही विजेता टीम को 11 हजार, उप विजेता टीम को सात हजार रुपये दिए गए।