उत्तराखंड में हनुमान अंश फिल्म को प्रोत्साहित करने के लिए एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति की जाएगी। इस संबंध में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार प्रदेश में सिनेमाघरों व मल्टीप्लेक्स में हनुमान अंश फिल्म दिखाने पर टिकट बिक्री पर सीजीएसटी व एसजीएसटी लिया जाता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में प्रसिद्ध संत नीब करौरी बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म हनुमान अंश देखी थी। उनके साथ धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व प्रदीप बत्रा मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म हनुमान अंश को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीब करौरी बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।