शुक्रवार को भी टी एस्टेट की नहर में दो हैंड ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया था। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ लग गई और आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति के होने की चर्चाएं शुरू हो गईं। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और बम निरोधक दस्ते ने दोनों हैंड ग्रेनेड की जांच की।
पता चला कि ग्रेेनेड विस्फोट लायक नहीं थे। इस बात को सुनकर सभी ने राहत की सांस ली। हालांकि, अभी तक इस बात का पता नहीं चल सका है कि ये ग्रेनेड यहां कैसे आए। वसंत विहार थाना क्षेत्र के बनियावाला से किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को नहर में हैंड ग्रेनेड पड़े होने की सूचना दी थी। ग्रेनेड कीचड़ में पड़े थे। सूचना के बाद एसओ वसंत विहार हेमंत खंडूरी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने इस बारे में भारतीय सैन्य अकादमी और सैन्य छावनी के अधिकारियों को भी सूचना दी। कुछ देर बाद सेना के कुछ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बम निरोधक दस्ते की जांच में पता चला कि हैंड ग्रेनेड में डेटोनेटर और फ्यूज नहीं थे। लिहाजा ये सिर्फ खोखे ही कहे जा सकते हैं। एसओ हेमंत खंडूरी ने बताया कि बम निरोधक दस्ते के मुताबिक हैंड ग्रेनेड काफी पुराने हैं। शायद यह ग्रेनेड डेमो के लिए होंगे। हालांकि, इस बात की पुष्टि सैन्य अधिकारियों ने भी नहीं की है कि ये ग्रेनेड सेना के हैं या नहीं। एसओ खंडूरी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है। फिलहाल इस बात की भी जांच की जा रही है कि यहां कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हो रही है। इसके लिए सत्यापन भी शुरू करा दिया गया है।