कोतवाली पुलिस ने हरिपुर जमन सिंह के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो गाड़ियों से 50 पेटी और गोदाम से 250 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में फैक्ट्री कर्मचारी सहित चार लोगों को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ से पता चला कि शराब काशीपुर स्थित फैक्ट्री से लाई गई थी।
कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की टीम रामपुर रोड पर हरिपुर जमन सिंह के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने (यूके 04 एम1149) कार को रोककर तलाशी ली तो दस पेटी यूके नंबर एक मार्का की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस मामले में देवलचौड़ में गंगू ढाबे के पास रहने वाले यशपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। यशपाल ने पुलिस को बताया कि बरामद शराब हरिपुर सिंह स्थित गोदाम से लाई गई है। पुलिस ने आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट को बुलाने के बाद गोदाम पर छापा मारा।
गोदाम के पास खड़ी पिकप (यूपी 22 एटी 2492) से 40 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। इसके बाद गोदाम में छापा मारकर 140 पेटी ओल्डमंक और 110 पेटी यूके नंबर-1 शराब बरामद हुई। पुलिस ने गोदाम से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब काशीपुर स्थित फैक्ट्री की बताई जा रही है।
पुलिस का कहना कि गिरफ्तार लोग महंगे दामों पर शराब बेचते हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एफएल -2 में कार्यरत पनचक्की चौराहा दमुवाढूंगा निवासी अमित, रामपुर जिले के हबीब नगर टांडा दड़ियाल निवासी अब्दुल सलाम और मोसिमोबाला दड़ियाल (रामपुर) निवासी इंतजार शामिल हैं। पुलिस ने लिखत-पढ़त में गोदाम मालिक का जिक्र नहीं किया है।
टीपीनगर चौकी प्रभारी राहुल राठी ने बताया चारों पहली बार पकड़े गए हैं। गिरफ्तार करने वालों में टीपीनगर चौकी प्रभारी के साथ, आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक रमेश पंत, सिपाही उमेश चंद्र सती, विनोद कुमार, रवींद्र खाती, त्रिलोक सिंह, कुंदन कठायत, जितेंद्र कुमार शामिल रहे।
.
गाड़ी में कागजात मौजूद थे
काशीपुर स्थित फैक्ट्री के प्रबंधन से जुड़े संदीप सिंह ने बताया कि फैक्ट्री से चालक कागजात के साथ शराब लेकर गया था। बरसात के चलते चालक ढाबा ढूंढ रहा था। इसी कारण गाड़ी ने रूट बदल लिया था। इस बीच पुलिस टीम ने चालक को पकड़ लिया। बुधवार की रात इस मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गई थी। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पुलिस ने गाड़ी में मौजूद कागज नहीं देखे।