पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी जान से मारने की देता था धमकी
बातचीत के दौरान नैनराम की साली देवकी देवी ने बताया कि उन्हें भी कुष्ठ रोग है इसलिए वह भी कुछ साल पहले यहां आ गई थीं और यहीं रहने लगी थीं। बताया कि आरोपी सिकंदर शराब का आदी था। शराब के बाद गाली-गलौज करना और मारपीट की धमकी देना उसका काम था। नैनराम ने कई बार उससे कहा था कि अगर उसकी यह हरकतें बंद नहीं होती हैं तो वह पुलिस से शिकायत करेगा। इस पर आरोपी उसे कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था। वहीं आरोपी अन्य रोगियों को भी धमकाते हुए कहता था कि तुम सभी को जान से मारकर चला जाऊंगा। इस पर लोगों ने उसके रहने पर भी आपत्ति जताई थी।
मंगलवार को ही गांव से लौटे थे नैनराम
नैनराम तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके घर में छोटा भाई हरिराम और उसका परिवार है। हरिराम ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उनकी बड़ी बहन कमला देवी की कैंसर से मौत हो गई थी। चार दिन पहले नैनराम कुंडल गांव गए थे। बहन के परिवार से मिलकर मंगलवार को ही वापस हल्द्वानी लौटे थे।
पुलिस घटनास्थल पर ही छोड़ गई खून से सनी थपकी
पुलिस पड़ताल में पता चला कि आरोपी ने नैनराम पर कपड़े धोने वाली थपकी और मोटे डंडे से वार किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपने घर के ही बाहर पड़ी लकड़ियों के गट्ठर पर खून से सनी थपकी फेंक दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो डंडा भी साथ ले गई लेकिन खून से सनी थपकी वहीं छोड़ गई। जब यह बात एसपी सिटी के संज्ञान में आई तब पुलिस थपकी उठाकर लाई।
कमरे में पड़े थे शराब के पव्वे
आरोपी के कमरे में शराब के खाली पव्वों की भरमार थी। उसके कमरे में गैस सिलिंडर के पास रखी मेज के नीचे बड़ी संख्या में खाली पव्वे पड़े थे। साथ ही कुछ रोटियां रखी थी। बताया जा रहा है कि वारदात के समय उसकी पत्नी रोटी बना रही थी। वारदात के बाद से पत्नी गायब है।
मौके पर स्थानीय लोगों से बातचीत हुई। आरोपी से पूछताछ और जांच-पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की धारा 304 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
-हरबंस सिंह, एसपी सिटी, हल्द्वानी