स्कूल प्रबंधन ने जबरदस्ती कुछ नाबालिग छात्रों के बाल काट दिए। इससे बच्चे डिप्रेशन में आ गए हैं। हालत यह हो गई कि किसी ने खाना नहीं खाया तो कोई घर से बाहन निकलने में डर रहा है। जानिए, पूरा मामला...
मामला देहरादून जनपद के विकासनगर का है। यहां एक अभिभावक ने बताया कि उनका बेटा स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र है। सोमवार को वह स्कूल गया। जब दोपहर छुट्टी होने पर उसे लेने बड़ा भाई गया तो वह बाल कटे होने के कारण छोटे भाई को पहचान नहीं सका। भाई के कटे हुए बाल देख वह भौचक्का रह गया।
उसने शिक्षकों के सामने इस पर नाराजगी भी जताई। अभिभावक का कहना है कि उनके बेटे ने एक दिन पहले ही बाल कटवाए थे, बावजूद उसके बालों पर प्रबंधन ने कैंची चला दी। उन्होंने बताया कि घर लौटने के बाद से उनका बेटा गुमसुम है। उसने खाना तक नहीं खाया। वह घर से बाहर भी नहीं निकल रहा है।
आरोप है कि बाल बेतरतीब तरीके से काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन को बालों से आपत्ति थी तो इसकी जानकारी अभिभावकों को देनी चाहिए थे। उन्होंने बताया कि उनके बेटे के अलावा प्रबंधन ने कई और छात्रों के बाल भी स्कूल में नाई बुलाकर कटवा दिए।