शुक्रवार को आधा घंटे तक हुई ओलावृष्टि से काश्तकारों की गेहूं, जौ, आलू, मसूर और फल सब्जी की फसल को भारी क्षति हुई है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित गांवों में टीम भेजकर नुकसान का आंकलन कर मुआवजा देने की मांग की।
देवाल में सुबह आठ बजे हुई भारी ओलावृष्टि से मेलखेत, नलधूरा, मोपाटा, घेस, हिमनी, खेता, मानमती, सौरीगाड़, रामपुर, तोरती, झलिया आदि गांवों के काश्तकारों की उपजाऊ फसल बर्बाद हो गई।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा जोशी और मानमती की प्रधान कमला देवी ने बताया कि आधे घंटे तक ओलावृष्टि हुई। थराली, ग्वालदम, तलवाड़ी, चिड़िंगा मल्ला, कल्याणी, जौला आदि गांवों में हुई ओलावृष्टि से फसल को भारी नुकसान हुआ है।
काश्तकार नवीन चंद्र, सुभाष बडियारी आदि ने शासन-प्रशासन से प्रभावित गांवों में टीम भेजकर नुकसान का आंकलन कर मुआवजा देने की मांग की। वहीं नारायणबगड़, गैरसैंण, आदिबदरी और कर्णप्रयाग में हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से कृषकों की उपजाऊ फसल और फलों के पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचा है।