प्रदेश में प्री मानसून बारिश 20 जून के बाद से शुरू हो जाएगी। हालांकि प्रदेश में मानसून जुलाई के पहले हफ्ते में पहुंचने का अनुमान है। मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में 20 जून से प्री मानसून शावर शुरू हो जाएंगे।
इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पहाड़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसून जुलाई के पहले हफ्ते तक पहुंचने संभावना है।
मार्च से मई तक प्रदेश में प्री मानसून सीजन माना जाता है। एक जून से मानसून सीजन की शुरुआत होती है। एक जून से मानसून पहुंचने तक होने वाली बारिश को प्री मानसून शावर कहा जाता है। इस दौरान होने वाली बारिश की गणना भी मानसून सीजन में की जाती है।
राजधानी दून समेत आसपास के इलाकों में रविवार को गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे। अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को कुछ इलाकों में हल्के बादल छाने का अनुमान है। हालांकि गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार सोमवार को दून का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार हो सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। रविवार को सुबह से दून में तेज धूप खिली रही।
जिसकी वजह से दोपहर तक गर्मी और उमस का स्तर काफी बढ़ गया। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री तक अधिक चल रहा है। सोमवार को पांच डिग्री तक बढ़ सकता है।