राजधानी समेत प्रदेश के तीन जिलो में आगामी 24 घंटे के भीतर ओले पड़ने की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मौसम में यह परिवर्तन आएगा।
इसके अलावा चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी और पिथौरागढ़ के अनेक स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई थी। उधर बुधवार सुबह से पहाड़ों की रानी मसूरी में बादल छा गए।
ऊंचाई वाले इलाके में गिरेगी बर्फ
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में बृहस्पतिवार सुबह से लेकर शुक्रवार सुबह के बीच ओले पड़ सकते हैं। इसके अलावा ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फ पड़ सकती है। अन्य जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है।
तापमान में गिरावट की संभावना
प्रदेश के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को बर्फ पड़ने की संभावना जताई गई है। ओले और बारिश के चलते राजधानी सहित प्रदेश के तापमान में पांच से सात डिग्री की बड़ी गिरावट भी आ सकती है।
उधर मसूरी में छाई बदली की वजह से पर्यटन नगरी शीतलहर की चपेट में आ गई। हालांकि इसका असर बाजारों पर भी दिखा और मार्केट में चहल-पहल काफी कम दिखाई दी।