उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय चाहते हैं कि पार्टी नेताओं को दिए गए सुरक्षाकर्मियों को हटा लिया जाए।
उनका मानना है कि हर छोटा बड़ा नेता गनर लेकर घूम रहा है जिससे सरकार और पार्टी दोनों की छवि खराब हो रही है। किशोर ने इस आशय का एक पत्र रविवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत को भेजा और तत्काल सभी के गनर वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे सरकारी खजाने पर भी बोझ बढ़ रहा है।
पत्र में किशोर ने कहा कि राज्य गठन के समय कांग्रेस का एक भी निर्वाचित विधायक नहीं था, इसके बाद आपने (हरीश) दिन रात मेहनत कर पार्टी को खड़ा ही नहीं किया, बल्कि 2002 में राज्य में गठित कांग्रेस सरकार के लिए सर्वाधिक योगदान आपका ही था। इसके बाद कई चुनाव जीते और इस समय कांग्रेस सत्तासीन है।
जैसा कि आप जानते हैं, यहां की राजनीति में विनम्रता है। कई बार मैंने अपने भ्रमण के दौरान यह महसूस किया कि शासन की तरफ से जरूरत से ज्यादा महानुभावों को गनर बांट दिए गए हैं।
इन सुरक्षा गार्डों के कारण आम जनमानस को दिक्कत होती है और इसका नुकसान पार्टी को हो रहा है। इसलिए आप (सीएम) इस बात की समीक्षा करें कि कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा कर्मियों की कितनी जरूरत है, और यदि किसी को जीवनभय नहीं है तो गनर वापस ले लिए जाएं। इससे जनता में अच्छा संदेश जाएगा।