विभिन्न विभागों में वैयक्तिक सहायक व आशुलिपिक के 158 पदों और शहरी विकास विभाग में लेखा लिपिक के 142 पदों के लिए वर्तमान में आवेदन भरे जा रहे हैं। 14 सितंबर को आवेदन भरने की अंतिम तिथि है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है। उनके पास अब दो दिन का समय है।
तीन साल में 59 परीक्षाएं, छह हजार को दी नौकरी
समूह ग पदों की भर्ती के लिए सरकार ने वर्ष 2014 में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का गठन किया। बीते तीन सालों में चयन आयोग में 59 भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर छह हजार पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की है। इस चयन वर्ष में आयोग ने 2500 खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। वहीं, तीन हजार से अधिक पदों की आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
सरकार से भर्ती परीक्षाएं कराने की अनुमति मिल गई। आयोग की ओर से एसओपी तैयार कर अक्तूबर व नवंबर में परीक्षाएं कराने के लिए तारीख निर्धारित की जाएगी। अनलॉक-4 में भर्ती परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों पर जांच कराने या क्वारंटीन होने शर्त लागू नहीं होगी।
- संतोष बडोनी, सचिव, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग