मसूरी से देहरादून लौटते हुए कार पलटने से ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके चार साथियों को मामूली चोटें आई हैं।
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में आजाद कालोनी निवासी विपुल रतूड़ी (19) बुधवार को ग्राफिक एरा में ही पढ़ने वाले चार दोस्तों के साथ कार से मसूरी गया था। रात में छात्र मसूरी से वापस देहरादून आ रहे थे।
शिव मंदिर के पास कार असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में विपुल रतूड़ी को गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी छात्रों ने विपुल को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।