मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिव्यांग युवक या युवती से शादी करने पर मिलने वाली 25 हजार की अनुदान राशि को दोगुना करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को अनुदान राशि पचास हजार रुपये करने के लिए जल्द पत्रावली प्रस्तुत करने को कहा है। समाज कल्याण विभाग में छात्रवृत्ति के भुगतान में हो रही देरी पर सीएम ने नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सचिवालय में समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण एवं परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग वर्तमान में उपयोग में नहीं लाई जाने वाली भूमि का ब्योरा तुरंत प्रस्तुत किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये की 232 योजनाएं स्वीकृत हैं। बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत अल्पसंख्यक वर्ग की 588 छात्राओं को वित्तीय वर्ष 2018-19 में 99 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई।
मुख्यमंत्री हुनर योजना के तहत प्रशिक्षण व स्किल डेवलपमेंट के लिए 611 अभ्यर्थियों के लिए 34.32 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई। बैठक में समाज कल्याण एवं परिवहन मंत्री यशपाल आर्य, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निगम से अनुबंधित बसों को 50 प्रतिशत सब्सिडी
परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन निगम में अनुबंधित बसों के लिए लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष दुर्घटनाओं में चार प्रतिशत व दुर्घटना से मृतकों की संख्या में 16 प्रतिशत की कमी आई है। यह भी बताया कि इस वर्ष परिवहन से 965 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति लक्ष्य के सापेक्ष 362 करोड़ रुपये प्राप्त कर लिया गया है। डिजीलॉकर पर परिवहन से संबंधित अभिलेखों के रख रखाव को राज्य में मान्यता प्रदान की गई है।