विभिन्न मांगों को लेकर डाक विभाग में कार्यरत ग्रामीण डाक सेवक मंगलवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कालसी स्थित डाकघर में प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कमलेश चंद्र कमेटी की सिफारिशों को लागू करने की मांग की।
डाक सेवकों ने कहा कि वह लंबे समय से नियमित कर्मचारियों के समान वेतन, पेंशन, समूह बीमा, विभागीय कर्मचारियों के समान ग्रेच्युटी, 180 दिनों का सवैतनिक अवकाश, नकदीकरण, पारिवारिक सदस्यों को चिकित्सा सुविधा देने की मांग कर रहे हैं। कहा कि मांगों को लेकर कमलेश चंद्र कमेटी ने केंद्र सरकार से सिफारिश की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कहा कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती, हड़ताल जारी रहेगी।
प्रदर्शन करने वालों में महेंद्र सिंह, सोहन लाल तोमर, सिकंदर, विक्रम सिंह, शूरवीर सिंह चौहान, विक्रम राजगुरु, राजेंद्र सिंह, प्रदीप उनियाल आदि शामिल रहे। पोस्टमास्टर नारायण सिंह तोमर ने बताया कि हड़ताल के संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। विकासनगर, कालसी, चकराता और सहसपुर क्षेत्र के डाक सेवकों ने भी कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया।
Iयह कार्य हुए प्रभावितI
कार्य बहिष्कार के चलते डाक का वितरण, रजिस्ट्री, इलेक्ट्रॉनिक मनी ऑर्डर, स्पीड पोस्ट, पार्सल, सेविंग बैंक अकाउंट में जमा तथा निकासी, सुकन्या धन योजना में जमा तथा निकासी, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, बचत बैंक में जमा तथा निकासी, डाक विभाग की सावधि जमा स्कीम में जमा तथा निकासी आदि कार्य नहीं हो सके।