गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रवेशार्थियों की अस्थायी सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। विवि में 2020-21 में प्रवेश लेने वाले स्नातक अभ्यर्थियों को इस बार 12वीं की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है। कोविड के मद्देनजर इस बार विवि की एकेडमिक काउंसिल ने प्रवेश परीक्षा आयोजित न कराकर मेरिट पर प्रवेश देने की सिफारिश की थी।
विवि ने सभी राज्यों के बोर्ड और सीबीएसई के परीक्षा परिणाम आने के बाद उनके अंकों को अपलोड करने और छूटे हुए अभ्यर्थियों को प्रवेश फार्म भरने के साथ अंकों को अपलोड करने के लिए 15 अगस्त तक का समय दिया था। इसके बाद भी जो अभ्यर्थी अंक अपलोड करने से रह गए, उनको विवि की ओर से पांच सितंबर तक का समय दिया गया था।
प्रवेश परीक्षा संयोजक डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि अंकों को अपलोड करने के बाद विवि ने सभी अभ्यर्थियों की उन अंकों के आधार पर एक अस्थायी सूची तैयार कर वेबसाइट पर अपलोड की है। किसी अभ्यर्थी के अंकों में बदलाव या गलती पाई जाती है, तो उसे 20 सितंबर तक विवि के प्रवेश अनुभाग को ई-मेल पर सूचित करना होगा। ग्रुप-1 में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी ग्रुप-2 में फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित और ग्रुप-3 में एग्रीकल्चर से संबंधित बेस्ट तीन विषय शामिल हैं। बताया कि इस बार 9641 अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए ऑनलाइन फार्म भरा था। 1849 अभ्यर्थियों ने या तो अंक अपलोड नहीं किए या प्रवेश प्रक्रिया से अपने को अलग कर लिया। वर्तमान में केवल 7792 अभ्यर्थी बचे हैं।