पूर्व मंत्री शूरवीर सजवाण एक बार फिर से प्रदेश सरकार के लिए परेशानी का सबब बनते दिख रहे हैं। विधानसभा चुनाव में सजवाण प्रदेश सरकार को अपनी बयानबाजी केकारण परेशानी में डाल चुके हैं। अब सजवाण कह रहे हैं प्रदेश नेतृत्व में जल्द ही परिवर्तन होगा। यह तब है जबकि बहुगुणा कैंप को पूरी ताकत लगाकर यह सिद्ध करना पड़ रहा है कि कहीं कोई बदलाव नहीं होरहा है।
आर्य खेमा परेशान
विधानसभा चुनाव 2012 में भी सजवाण ने बहुगुणा और आर्य खेमें को खासी परेशानी में डाला था। उस समय हाल यह था कि प्रदेश के आला नेताओं को सजवाण के घर पर डेरा डालना पड़ा था। सजवाण की नाराजगी को भांपकर भाजपा भी सक्रिय हो गई थी और यह कहा जा रहा था कि सजवाण पाला बदल सकते हैं। किसी तरह से मामला सुलझ पाया था।
नाटिस भेजा जाएगा
अब सजवाण ने नेतृत्व परिवर्तन का शिगूफा छेड़कर एक और बार सरकार के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। नेतृत्व परिवर्तन की तमाम बातों को नकारने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। यह मामला भी ठीक पंचायत चुनाव से पहले का है और यह मामला तूल पकड़ता है तो कांग्रेस को पंचायत चुनाव में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उधर , अनुशासन समिति का कहना है कि सजवाण को एक नोटिस तो भेजा ही जाएगा।