परिवहन व्यवसायियों की गाड़ियों का एक साल का रोड टैक्स माफ करे सरकार --देहरादून सिटी बस सेवा महासंघ ने मुख्य सचिव को भेजा ज्ञापन ---परिवहन व्यवसायियों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज जारी करने की भी मांग उठाई माय सिटी रिपोर्टर देहरादून कोरोना संकट के चलते आर्थिक तंगी की मार झेल रहे परिवहन व्यवसायियों ने राज्य सरकार से एक साल का रोड टैक्स माफ करने की मांग की है। इतना ही नहीं परिवहन व्यवसायियों ने सरकार से ये मांग भी की है कि केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य सरकार भी परिवहन व्यवसायियों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज जारी करें। ताकि परिवहन व्यवसायियों को और अधिक बर्बाद होने से बचाया जा सके। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह को भेजे गए ज्ञापन में सिटी बस सेवा महासंघ के अध्यक्ष विजयवर्धन डंडरियाल का कहना है कि कोरोना संकट के चलते गाड़ियों का संचालन पूरी तरह से ठप है। ऐसे में परिवहन व्यवसाई गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। राज्य सरकार ने परिवहन व्यवसायियों को राहत देते 30 जून तक के लिए टैक्स माफ कर दिया है। वहीं गुजरात सरकार ने परिवहन व्यवसायियों को छह माह का टैक्स माफ किया है। जबकि गुजरात में हजारों की संख्या में उद्योग धंधे होने की वजह से सरकार को रोड टैक्स के रूप में भारी कमाई होती है। इन तमाम परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार को भी परिवहन व्यवसायियों को एक साल का तमाम टैक्स माफ कर देना चाहिए। इतना ही नहीं महासंघ अध्यक्ष डंडरियाल की ओर से मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में मांग उठाई गई है कि केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य सरकार भी परिवहन व्यवसायियों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की व्यवस्था करें। ताकि आर्थिक तंगी की मार झेल रहे परिवहन व्यवसायियों को थोड़ी राहत दी जा सके।