भारत रक्षा मंच ने उत्तराखंड में घुसपैठ विरोधी कठोर कानून बनाने की मांग की है। मंच पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड के अंदर सोची-समझी रणनीति के तहत फैलाई जा रही लव और लैंड जिहाद रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
मंच की सोमवार को जोगीवाला केदारपुरम में बैठक हुई। पदाधिकारियों ने मंच के स्थापना दिवस पर चर्चा करते हुए कहा कि आज मंगलवार से मंच का स्थापना दिवस पखवाड़ा उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। अलग-अलग शाखाओं में 15 दिनों तक कार्यक्रम होंगे। प्रांत संयोजक आशीष वाजपेयी ने उत्तराखंड में घुसपैठ रोकने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की। कहा कि देवभूमि के अंदर एक सोची-समझी रणनीति से लव व लैंड लिहाद फैलाया जा रहा है।
प्रांत कार्यवाहक अध्यक्ष केके रैना ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोगों ने जो दर्द और जुल्म सहा है वह भविष्य में उत्तराखंड के लोगों को सहन न करना पड़े, इसके लिए अभी से कठोर कानून बनाने की जरूरत है। बैठक में मनीष वर्मा, राधा मोहन मिश्रा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर शारीरिक प्रमुख अंकुर कुमार, दीपक भान, सोभान सिंह, जीसी भट्ट, सुबोध रावत, रोहित भान, दिनेश कुमार, संजय रस्तोगी, सुशील कुमार, सूजल त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।