आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों के नेताओं का एक दूसरे के साथ बैठकोें का भी दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी से मुलाकात की।
इस मौके पर राजपा राष्ट्रीय संयोजक राणा ने कहा कि राज्य निर्माण में उत्तराखंड क्रांति दल का महत्वपूर्ण योगदान रहा, लेकिन राज्य गठन के दो दशक बीत जाने के बावजूद राज्य का वह विकास नही हो पाया है। राज्य की स्थिति पहले की तुलना में और अधिक दयनीय हो चुकी है। इस मौके पर उक्रांद केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि 70 प्रतिशत रोजगार के मुद्दे पर राज्य सरकार आज भी युवाओं को छलने का कार्य कर रही है। राजपा भी युवाओं को रोजगार के मुद्दे एवं 70 प्रतिशत मूल निवासियों को रोजगार के मुद्दे पर सचिवालय का घेराव कर सरकार को चेता चुकी है। सरकार गठन के बाद सरकार ने निवेशकाें का सम्मेलन आयोजित कर बाहरी उद्योगपतियों को करोड़ों की जमीन लीज पर दे चुकी है, लेकिन धरातल पर इसका कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है। पत्रकारवार्ता में उक्रांद एवं राजपा के गठबंधन के जवाब में उक्रांद केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि दोनों दल राज्य के मूलभूत मुद्दों पर कार्य कर रहे हैं।