विकासनगर। ह्यूमन राइट्स एंड आरटीआई एसोसिएशन ने नगर पालिका विकासनगर पर टाइल्स रोड निर्माण के नाम पर सरकारी धनराशि को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कैनाल बाईपास रोड पर सैंग्विन स्कूल के पास खाली भूमि पर बनाई गई रोड की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा और महासचिव भास्कर चुग का आरोप है कि सरकारी धन को ठिकाने लगाने के लिए पालिका प्रशासन ने खाली भूमि पर सड़क का निर्माण किया है। जिस जगह पर सड़क बनाई गई वहां आसपास कोई भी मकान नहीं है। ऐसा सिर्फ एक भू स्वामी को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया है। मामला उजागर होने के बाद पालिका प्रशासन ने जांच की बात कही थी, लेकिन अब तक मामले में कोई भी जांच शुरू नहीं हो सकी है। उधर, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि मामले में ईओ को निर्देशित कर जांच रिपोर्ट मांगी जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में अनिता वर्मा, रीना, मेहताब अली शामिल रहे।