एसएसबी प्रशिक्षित गोरिल्ला व उनके मृतक आश्रितों को मणिपुर तथा मिजोरम की तर्ज पर सरकारी नौकरी व पेंशन देने की मांग के लिए बृहस्पतिवार को गोरिल्ला संगठन की बैठक कालसी गेट में आयोजित हुई। कालसी-चकराता संगठन के अध्यक्ष बहादुर सिंह पंवार ने कहा कि एसएसबी प्रशिक्षित गोरिल्ला संगठन विगत कई दशकों से सरकारी नौकरी, पेंशन तथा मृतक आश्रितों को सरकारी सेवाओं की भांति सुविधा देने की मांग के लिए संघर्षरत है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कुछ गोरिल्ला स्वयंसेवियों ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल में याचिका दायर की थी। अब सभी गोरिल्ला प्रशिक्षित मिलकर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर न्याय की गुहार लगाएंगे। सचिव यशपाल सिंह चौहान ने कहा कि बीते साल 20 दिसंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला संगठन की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने पर भी सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया है। संगठन ने आगामी चार फरवरी को फिर से एक बैठक बुलाने का निर्णय लिया। इस मौके पर गोपाल सिंह, महेंद्र सिंह, शांति सिंह, टीकम सिंह, हरि सिंह, सुदामा, चरण सिंह आदि मौजूद रहे।