हेमकुंड साहिब यात्रा को सुगम व सरल बनाने के लिए गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने नया रास्ता निकाल लिया है।
गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से वैष्णो देवी यात्रा की तर्ज पर यहां गोल्फ कार चलाने की योजना तैयार की गई है। योजना के मुताबिक पहले चरण में घांघरिया से हेमकुंड तक छह किमी मार्ग के सुधारीकरण के बाद गोल्फ कार संचालन का ट्रायल किया जाएगा।
ट्रायल सफल रहा तो कुल 16 किमी मार्ग तक कार संचालित होगी। इसके लिए गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से पर्यटन मंत्री को प्रस्ताव सौंप दिया गया है। इस पर महाराज ने सहमति जताई है। कमेटी का कहना है कि इस काम में करीब दो साल लग जाएंगे।
हेमकुंड साहिब यात्रा का मुख्य पड़ाव गोविंदघाट है। यहां से पुलना तक तीन किमी वाहन से और यहां से हेमकुंड साहिब तक 16 किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ती है। यहां खड़ी चढ़ाई होने के कारण बुजुर्ग और असहाय तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब की यात्रा नहीं कर पाते हैं।