- पछवादून में करीब 45 करोड़ का कारोबार, सोना-चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की जमकर खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। धनतेरस पर शुक्रवार को पछवादून के बाजारों में खरीदारी को लेकर रौनक रही। सोना-चांदी, बर्तन, पूजा सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने परंपरागत खरीदारी के साथ वाहन और घरेलू उपकरण भी खरीदे। धनतेरस पर क्षेत्र में करीब 45 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
धनतेरस पर व्यापारी अर्पण अग्रवाल के अनुसार सराफा बाजार में चांदी के सिक्कों और आभूषणों की मांग रही। कुछ ग्राहकों ने सोने के सिक्के भी खरीदे। बर्तन बाजार में डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कटोरी और थाली के सेट पसंद किए गए। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर इंडक्शन, मिक्सी और ग्राइंडर की बिक्री हुई। दुकानदार किशन लाल ने बताया कि सुबह से ही ग्राहकों का आना शुरू हो गया था। लोगों ने मिट्टी के दीये, लक्ष्मी के पांव, रंगोली के रंग और पूजा सामग्री खरीदी।
आचार्य मदन शास्त्री ने बताया कि धनतेरस को भगवान धन्वंतरि के प्राकट्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन सोना-चांदी, धातु के बर्तन और नई वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में समृद्धि आती है। झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक मानकर खरीदने की परंपरा भी प्रचलित है। क्षेत्र के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि धनतेरस पर बाजार में अच्छी ग्राहकी रही। त्योहार को लेकर व्यापारियों में उत्साह है।