आगामी चारधाम यात्रा सीजन के दौरान केदारनाथ हेली सेवा के टिकट बुक करने की जिम्मेदारी गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) को सौंपी जा सकती है।
हेली सेवा के टिकट की ऑनलाइन बुकिंग साइट्स पर जाकर भी की जा सकेगी। हेली सेवा के टिकट बुकिंग में बदलाव को लेकर जीएमवीएन अधिकारियों और ऑनलाइन बुकिंग साइट्स के प्रतिनिधियों की बैठक की जाएगी।
पिछले यात्रा सीजन के दौरान केदारनाथ हेली सेवा टिकट की कालाबाजारी की शिकायत मिली थी। पिछले साल टिकट बुकिंग की जिम्मेदारी टूर ऑपरेटर्स के पास थी। नागरिक उड्डयन विभाग ने इस साल इसमें बदलाव करने की योजना बनाई है। दिल्ली में 16 फरवरी को हुई बैठक में इसे लेकर ऑपरेटर्स की राय मांगी गई थी। नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश के मुताबिक आगामी यात्रा सीजन में केदारनाथ हेली सेवा के टिकट बुक करने की जिम्मेदारी जीएमवीएन को सौंपी जा सकती है। यात्रा डॉट कॉम और मेक माई ट्रिप डॉट कॉम पर भी हेली सेवा के टिकट बुक करने की सुविधा दिए जाने पर विचार किया जा रहा है।
एक माह पहले पूरी हो जाएगी हेली सेवा की प्रक्रिया
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से एक माह पहले हेली सेवा के टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर लिए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई। इसके लिए जल्द ही हेली सेवा के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। इसका मकसद एक माह पहले आपरेटर्स तय हो जाने की स्थिति में हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग के लिए वक्त मिल जाएगा। एक माह पहले प्रक्रिया पूरी होने की स्थिति में यात्रियों को ऑपरेटर्स और किराए के बारे में जानकारी आसानी से मिल जाएगी।
चार हेलीपैड्स के लिए मांगी सेना से अनुमति
उड़ान-2 स्कीम के तहत शुरू होने वाली हेली सेवा के लिए नागरिक उड्डयन विभाग ने चार हेलीपैडों के इस्तेमाल के लिए सेना से अनुमति मांगी है। इसको लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन और रक्षा मंत्रालय के स्तर पर बातचीत होगी। विभाग की योजना अल्मोड़ा, नैनीताल, धारचूला और जोशीमठ में स्थित सेना के हेलीपैड को उड़ान स्कीम में शामिल करने की है।
शेड्यूल ऑपरेशन के लिए लेनी होगी अनुमति
उड़ान स्कीम के तहत जिन ऑपरेटरों को हेली सेवा शुरू करने की अनुमति मिली है। उनको डीजीसीए से शेड्यूल ऑपरेशन शुरू करने की अनुमति लेनी होगी। ये आपरेटर अभी प्रदेश में नॉन शेड्यूल (जिसका वक्त निर्धारित नहीं है) सेवा उपलब्ध करा रहे हैं।