शहर में शनिवार को असामाजिक तत्वों ने तीन गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। पिछले कुछ दिनों में पांच गाड़ियों के शीशे तोड़े जा चुके हैं। इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। पुलिस से शिकायत के बाद भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है।
शहर में गाड़ी के शीशे तोड़ने की घटनाएं बढ़ रही हैं। कोल्हूखेत निवासी दीपक ग्रेवाल ने बताया कि उनकी गाड़ी पार्किंग में खड़ी थी। असामाजिक तत्वों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। शेरगढ़ी निवासी गजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी गाड़ी घर के नीचे पार्किंग में खड़ी थी। अज्ञात लोगों ने पीछे के शीशे तोड़कर गाड़ी को नुकसान पहुंचाया है। वहीं, मसूरी झील के पास भी एक गाड़ी को नुकसान पहुंचाया गया है।
कोल्हूखेत के पास पहाड़ी टैरेस संचालक दीपक रावत ने बताया कि चार दिन पूर्व उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर चोरी करके ले जाने की कोशिश की गई थी। शुक्रवार को दोबारा गाड़ी के शीशे तोड़े गए। मामले में पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
शहर कोतवाल अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि गाड़ियों के शीशे तोड़ने की घटना के पीछे कोई सिरफिरा हो सकता है। गाड़ियों से कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। टीम बनाकर घटना की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। क्षेत्र में रात को भी सादी वर्दी में पुलिस की तैनाती की जाएगी।