अगर आप अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दाखिले की तैयारी कर रहे हैं तो मुख्य विषयों के साथ सामान्य ज्ञान के सवालों की तैयारी भी कर लें। 200 अंकों की इस प्रवेश परीक्षा में 20 अंकों के सामान्य ज्ञान के भी प्रश्न पूछे जाएंगे। खास बात यह है कि यह सवाल काफी स्कोरिंग साबित हो सकते हैं।
एम्स की मेडिकल प्रवेश परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया हाल ही में खत्म हुई है। सात मार्च से आप अपने आवेदन का स्टेटस वेबसाइट पर जान सकते हैं। एम्स की ओर से देशभर में प्रवेश परीक्षा का आयोजन 28 मई को किया जाएगा। परीक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के साथ ही सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी पूछे जाते हैं।
बलूनी क्लासेज के एमडी विपिन बलूनी ने बताया कि एम्स की प्रवेश परीक्षा में कुल 200 में से 20 अंकों का जनरल नॉलेज आता है। इसमें इतिहास में आधुनिक भारत से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं।
जियोग्रॉफी में जलवायु और इकोनॉमिक्स में सामयिक सवाल पूछे जाते हैं। गत वर्ष हुई मुख्य घटनाओं से जुड़े सवाल छात्रों को तैयार करने की जरूरत है। खासतौर से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम, राष्ट्रीय घटनाक्रम, खेल, पुरस्कार, सम्मेलन, महत्वपूर्ण व्यक्तियों की भारत यात्रा, चर्चित साहित्य और उनके लेखक, अंतरराष्ट्रीय समझौते, महत्वपूर्ण दुर्घटनाएं, योजनाएं और प्रसिद्ध व्यक्तियों की मृत्यु से लेकर सामान्य घटनाक्रम के सवाल पूछे जाएंगे।
नीट से अलग है पैटर्न
एम्स की प्रवेश परीक्षा की नीट से तुलना करें तो कई बातें इसे अलग बनाती हैं। नीट में कुल 180 सवाल पूछे जाते हैं, जिसमें 45 सवाल फिजिक्स के, 45 सवाल केमिस्ट्री के और 90 सवाल बायोलॉजी के होते हैं। दूसरी ओर एम्स में कुल 200 सवाल पूछे जाते हैं। इसमें 60 सवाल फिजिक्स के, 60 सवाल केमिस्ट्री के, 60 बायोलॉजी के और 20 सवाल जीके के होते हैं।