बालिकाओं में साहस, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से हिल ग्रोव स्कूल झाझरा में विशेष घुड़सवारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. ललिता ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना था। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
डॉ. ललिता ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारती हैं बल्कि उनमें साहस, अनुशासन और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण गुणों का भी विकास करती हैं। इस मौके पर स्कूल की निदेशक वीना छाबड़ा, भावना, कल्पना, ममता, अनु समेत शिक्षक व छात्र मौजूद रहे।