खानपुर। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से ब्लॉक सभागार खानपुर में युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
महोत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें नेशनल कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदपुरी कला की बालिकाओं ने द्वितीय और जय सुभाष इंटर कॉलेज चंद्रपुरी कला की बालिकाओं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार ने कहा कि युवा शक्ति देश की रीढ़ है।
युवाओं के दम पर ही भारत विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नेशनल कन्या इंटर कॉलेज के संस्थापक प्रबंधक डॉ. घनश्याम गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और उसे निखारने का अवसर मिलता है।
उन्होंने प्रतिभागियों को समय का सदुपयोग करने की सीख दी। सैनिक कल्याण विभाग से पहुंचे सूरजपाल सिंह ने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और अस्मिता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आशीष सिंगवान ने किया। शिक्षक मांगेराम मौर्य, सुधा रानी और प्रीति जोशी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस दौरान मदनपाल, सेठपाल सिंह, आकाश पंवार, विकास, अरुण, हिमांशु और प्रदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।