पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम यहां स्थित एक उच्च तकनीकी शैक्षणिक संस्थान की की छात्रा सिविल लाइंस कोतवाली पहुंची।
पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि संस्थान का एक प्रोफेसर और एक डीन उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। उसकी कई भी वीडियो बनाई गई है और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसे अपमानित किया जा रहा है।
छात्रा ने आरोप लगाया है कि उसे संस्थान से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि उसने संस्थान के डीन और निदेशक से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उधर, कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि छात्रा ने तहरीर दी है। बयान दर्ज कराने के लिए छात्रा को शनिवार को बुलाया गया है।
तहरीर लेने के बाद छात्रा को वापस हॉस्टल भेज दिया गया है। मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस बाबत संस्थान के निदेशक से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। उनका पक्ष आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।