एक किशोरी का शव पंखे से लटका मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी पिछले दिनों एक युवक के साथ घर से चली गयी थी। परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उस दौरान आरोपी को जेल भेज दिया था।
कलियर थाना क्षेत्र की किशोरी पिछले दिनों भगवानपुर थाना क्षेत्र के पुहाना निवासी साजिद के साथ कहीं चली गयी थी। परिजनों की तहरीर पर कलियर पुलिस ने साजिद के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज किया था। किशोरी को बरामद करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बताया जा रहा है कि तभी से ही किशोरी तनाव में थी। सोमवार सुबह करीब छह बजे परिजनों ने देखा कमरे में लगे पंखे में चुन्नी से किशोरी का शव लटका है। परिजनों ने आननफानन उसे उतारा, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी कुंवर राम आर्य ने बताया कि किशोरी के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। अगर कोई तहरीर आती है तो मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।