बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल पर कुछ दिन पूर्व छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाने वाली युवती अपने आरोपों से पलट गई है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए युवती ने पूरे प्रकरण के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि गलतफहमी के कारण उन्होंने आरोप लगाए थे।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए माही बजाज ने बताया कि वह शशांक के साथ रेस्टोरेंट में गई थी। इस दौरान जुबिन के पर्सनल स्टाफ ने बताया कि वहां प्राइवेट फैमिली पार्टी चल रही है, जिसमें बिना बुलाए कोई नहीं जा सकता। इसको लेकर उनका जुबिन के स्टाफ से विवाद हो गया।
उन्होंने बताया कि अंधेरा होने के कारण वह जुबिन को पहचान नहीं सकी। उन्होंने गलतफहमी में जुबिन पर आरोप लगा दिए थे। उन्होंने कहा कि प्रकरण से जुबिन की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है, जिसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी। साथ ही उन्होंने प्रकरण को समाप्त करने का अनुरोध किया। वहीं, शशांक पत्रकार वार्ता में नहीं पहुंचे। देर शाम एक लिखित बयान अमर उजाला को भेजकर शशांक ने माही की बातों की पुष्टि की।
क्या था मामला
बीती 14 जून को गायक जुबिन नौटियाल की जन्मदिन पार्टी के दौरान विवाद हो गया था। कारोबारी शशांक मलिक ने जुबिन पर अपनी महिला मित्र के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया था। अगले दिन जुबिन ने बसंत विहार थाने में तहरीर देकर शशांक और माही पर हमला करने का आरोप लगाया था। करीब एक माह जांच के बाद शुक्रवार को पुलिस ने जुबिन नौटियाल को क्लीन चिट दी थी। इसके एक दिन बाद ही आरोप लगा रही माही बैकफुट पर आ गई और सभी आरोपों को गलत बताते हुए मामला समाप्त करने का अनुरोध किया।