शासन ने खाद्य आपूर्ति विभाग को 15 मई तक राज्य खाद्य योजना के राशन कार्ड को टारगेट पूरा करने का आदेश दिया है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने जिला पूर्ति अधिकारी, बीडीओ तथा डीपीआरओ (जिला पंचायत राज्य अधिकारी) के साथ बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डेड लाइन तक अधिक से अधिक राशन कार्ड बना लिए जाएं।
डेड लाइन तक राशन कार्डों को डिजिटल भी करना है। डीएम ने अधिकारियों को कहा कि जिनके पास आय प्रमाण पत्र नहीं है और वह गरीब हैं तो उनको परेशान ना किया जाए। अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनके राशन कार्ड बनाए जाएं। संभव हो तो उनसे शपथ प्रमाण पत्र लिया जाए। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी पीएस पांगती ने उपभोक्ताओं से अपील की कि जिन उपभोक्ताओं के राशन कार्डों तक अभी तक नवीनीकरण नहीं हुआ है वह तत्काल नवीनीकरण करा लें।
इसके बाद उपभोक्ताओं को मौका नहीं दिया जाएगा। इसके बाद राशन का आवंटन डिजिटल राशन कार्ड के हिसाब से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य खाद्य योजना के तहत अभी तक सवा लाख राशन कार्ड बन चुके हैं। जिसमें से 38 हजार राशन कार्ड को डिजिटल किया जा चुका है और कार्यालय में अभी करीब 60 हजार फार्म जमा है।