राजकीय इंटर कॉलेज कालसी में शुक्रवार को विकासखंड स्तरीय विज्ञान प्रीमियर लीग-2026 आयोजित की गई। इसमें विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े सवालों और गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग में राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय हरिपुर के गौतम ने प्रथम, राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय झुटाया की तमन्ना ने द्वितीय और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपाया के हेमंत कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज साहिया के बॉबी तोमर प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज कालसी की पारुल द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज साहिया की आरुषि तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य सचिन असवाल ने किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करती हैं। प्रतियोगिता समन्वयक आशीष डबराल और श्वेता जोशी ने बताया कि विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थी जनपद स्तरीय विज्ञान प्रीमियर लीग में प्रतिभाग करने के लिए पात्र होंगे। इस दौरान रमन कुमार, मोहित रोहिल्ला, कविता, आरती भट्ट, मोहित उपाध्याय, दीक्षा तोमर, राकेश शर्मा, अतर सिंह, विनय कटियार और गौरी शाह आदि मौजूद रहे।