गैस एजेंसियों ने उत्तराखंड में 20 फरवरी से होम डिलीवरी बंद करने की चेतावनी वापस ले ली है। हालांकि यह सुविधा सिर्फ छह दिन मिल पाएगी, क्योंकि 25 फरवरी से ऑल इंडिया फेडरेशन ने हड़ताल घोषित कर रखी है।
परेशानी बढ़नी तकरीबन तय
इससे लोगों की परेशानी बढ़नी तकरीबन तय है। उधर, मंगलवार को नई दिल्ली में एजेंसियों की पेट्रोलियम मंत्रालय से वार्ता नहीं हो पाई, जिससे स्थिति साफ नहीं हो पाई है।
उत्तराखंड स्टेट गैस एजेंसियों की एसोसिएशन ने राज्य की भौगोलिक स्थिति और बीते महीने हरिद्वार प्लांट बंद होने के बाद मचे हाहाकार को देखते हुए होम डिलीवरी जारी रखने का फैसला किया है।
और बढ़ेगी गैस की किल्लत
अब लोगों को सिलेंडर की होम डिलीवरी 6 दिन और मिलेगी। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में प्वाइंट डिलीवरी भी होगी। 25 फरवरी से एजेंसियां अनिश्चित कालीन हड़ताल चली जाएंगी। इसके बाद गैस की किल्लत और बढ़ जाएगी।
राज्य में बुजुर्ग गैस उपभोक्ताओं की संख्या काफी है। गैस संकट को देखते हुए सिर्फ उत्तराखंड में होम डिलीवरी बंद करने की चेतावनी वापस ली गई है। 25 से एजेंसियां अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी। राष्ट्रीय एसोसिएशन को भी पत्र भेज दिया गया है।
- चमनलाल, अध्यक्ष, दून एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन