गैस एजेंसियों की मंगलवार से प्रस्तावित हड़ताल 31 मार्च तक स्थगित हो गई है।
घरेलू गैस सिलेंडर का एक मूल्य तय करने, एमजीडी (मार्केट डिसीपिलिन गाइडलाइन) के नियमों में बदलाव सहित आठ सूत्री मांगों के समर्थन में गैस एजेंसियों की मंगलवार से हड़ताल प्रस्तावित थी।
पेट्रोलियम मंत्रालय और तेल कंपनियों के बीच हुई वार्ता
देर शाम पेट्रोलियम मंत्रालय और तेल कंपनियों के बीच हुई वार्ता के बाद यह फैसला लिया गया। दून एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स देहरादून के अध्यक्ष चमन लाल ने बताया कि 21 फरवरी से लागू एमजीडी-2014 के तहत दंडात्मक प्रावधान लाकर एजेंसियों को परेशान किया जा रहा है।
नई गाइडलाइन के तहत छोटी-मोटी शिकायत पर भी एजेंसियों पर भारी जुर्माना लगाए जाने के नियम है।
देर शाम पेट्रोलियम मंत्रालय, तेल कंपनियों और फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के बीच हुई वार्ता में एक हाईपावर कमेटी का गठन किया गया।
कमेटी में मंत्रालय, तेल कंपनी के अधिकारियों के साथ दोनों एसोसिएशन के दो-दो सदस्यों को रखा गया है। कमेटी 31 मार्च तक रिपोर्ट सौंपेगी। समस्या दूर न होने पर 31 मार्च से हड़ताल की जाएगी।