उप जिला अस्पताल विकासनगर के टीकाकरण केंद्र में खाली पेटियों और जले हुए कूड़े का ढेर लगा है। परिसर के आसपास घास जम गई है और पानी भी भर रहा है। गंदगी, घास और जलभराव से पैदा होने वाले मच्छरों के चलते गर्भवती और बच्चों के संक्रमित होने की आशंका बनी हुई है। उप जिला अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र की सफाई और कूड़े के निस्तारण के लिए अस्पताल प्रशासन गंभीर नहीं है। मंगलवार को टीकाकरण केंद्र पर सफाई व्यवस्था की पड़ताल की गई। केंद्र में एक किनारे पर अधजले कूड़े का बड़ा ढेर जमा था। दूसरे किनारे पर कई पेटियां, पॉलीथिन बैग, पोस्टर आदि पड़े थे। बारिश के कारण कूड़ा और सामान दोनों ही गीले हो चुके थे। टीकाकरण केंद्र के मुख्य द्वार के पास घास जमी थी। केंद्र परिसर के सामने जलभराव हुआ था। इस दिनों मानसून सीजन चल रहा है। भीगने से कूड़ा सड़ रहा है। ऐसे में गंदगी और जलभराव के कारण टीकाकरण केंद्र में आने वाली गर्भवती और बच्चे बीमार हो सकते हैं। अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. टीएस डुंगरियाल ने बताया कि केंद्र परिसर में रखे कूड़े को हटाया जाएगा। घास की भी सफाई की जाएगी।